home page

नैनीताल में होटल की तीसरी मंजिल से गिरने पर मासूम की मौत, झाबुआ में शोक की लहर

 | 
नैनीताल में होटल की तीसरी मंजिल से गिरने पर मासूम की मौत, झाबुआ में शोक की लहर


झाबुआ, 6 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर निवासी तीन वर्षीय बालक गौरांश सोनी की दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गौरांश अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने गया था, जहां होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

जानकारी के अनुसार, गौरांश राणापुर के सराफा व्यापारी विशाल सोनी का इकलौता पुत्र था। परिवार के 22 सदस्य एक जुलाई को इंदौर से नैनीताल भ्रमण के लिए रवाना हुए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह गौरांश होटल के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान परिजनों का कुछ क्षण के लिए ध्यान हटने पर वह तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गया।

करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। वहां जांच में सिर की हड्डी टूटने और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। दिल्ली में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान रविवार शाम उसकी मौत हो गई।

गौरांश के दादा अनिल सोनी ने साेमवार काे बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन रविवार रात एंबुलेंस से शव लेकर राणापुर के लिए रवाना हो गए।

मासूम गौरांश की असामयिक मौत की खबर से राणापुर सहित पूरे झाबुआ जिले में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा