परीक्षा के बाद दाे छात्राें में हुई मारपीट हत्या में तब्दील, ईंट से हमले में घायल छात्र की माैत
गोरखपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित डीबी इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गए एक छात्र की मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंकुश सिंह (18 वर्ष) पुत्र जनार्दन सिंह निवासी सरदार पटेल नगर, पादरी बाजार थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर, बुधवार को डीबी इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉलेज परिसर स्थित पार्किंग स्थल में उसकी किसी बात को लेकर सत्यम कुमार गौड़ से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि सत्यम कुमार गौड़ नीना थापा इंटर कॉलेज का छात्र है और एम्स गोरखपुर क्षेत्र का निवासी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपित सत्यम कुमार गौड़ ने पास पड़ी ईंट उठाकर अंकुश सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अंकुश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद छात्रों व परिजनों द्वारा उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंकुश सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार को अंकुश सिंह ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 धारा 109(1) एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आरोपित सत्यम कुमार गौड़ के विरुद्ध पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा घटना से संबंधित साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।
इस घटना के बाद अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई है। वहीं थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

