home page

राजगढ़ः ट्रांसफार्मर से बिजली जोड़ने पर विवाद, दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने से दस से अधिक घायल

 | 
राजगढ़ः ट्रांसफार्मर से बिजली जोड़ने पर विवाद, दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने से दस से अधिक घायल


राजगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लीमाचौहान थाना क्षेत्र के ग्राम भ्याना में सोमवार दोपहर निजी ट्रांसफार्मर से बिजली के तार जोड़ने को लेकर दो पक्ष आमने- सामने हो गए। बिजली कनेक्शन जोड़ने के विवाद में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना में दोनों तरफ के दस से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में एक पक्ष के जयराम राठौर, दीपक राठौर, पियूष राठौर, रवि राठौर, राहुल और ललिताबाई घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष के देवकरण राठौर, संतोष राठौर, गोविंद राठौर, गिरिराज, गोकुलबाई, कन्हैयालाल, गंगाधर और रामविलास राठौर घायल बताए गए। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को शाजापुर रेफर किया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने दोनों पक्षों के दस से अधिक लोगों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक