home page

राजगढ़ः जमीन की मेढ़ पर पत्थर रखने को लेकर दो पक्षों में चली तलवार-लाठी, पांच घायल

 | 
राजगढ़ः जमीन की मेढ़ पर पत्थर रखने को लेकर दो पक्षों में चली तलवार-लाठी, पांच घायल


राजगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के खेजड़ा गांव में बुधवार को जमीन की मेढ़ पर पत्थर रखने की बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार, महेश सौंधिया अपने खेत में ट्रेक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान मेढ़ पर पत्थर रखने की बात को लेकर उसका दूसरे पक्ष के नारायण सौंधिया, विक्रम सौंधिया, लाखन सौंधिया और चांदसिंह सौंधिया से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसमें महेश के साथ दूसरे पक्ष के चारों लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और उनके खेत आसपास स्थित हैं। मेढ़ पर पत्थर रखने और वाहन निकालने की बात को लेकर पहले भी उनके बीच कहासुनी होती रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के संबंध में जानकारी जुटाई। दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई को लेकर विवाद की स्थिति भी बनी। पुलिस ने दोनों पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच और स्थिति के आकलन के आधार पर जरूरत पड़ने पर प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक