राजगढ़ः तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार घायल, हालत गंभीर
राजगढ़, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पचोर थाना क्षेत्र के भोजपुरिया जोड़ के समीप तेज रफ्तार बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार इंदौर से ब्यावरा की ओर जा रही बस क्रमांक एमपी-41-पी-1525 ने भोजपुरिया जोड़ के पास बाइक क्रमांक एमपी-39 एमएल -5820 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला कांच टूट गया और वाहन का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। दुर्घटना में बाइक सवार बलराम वर्मा (35) निवासी बादलखेड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सिविल अस्पताल पचोर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया। पचोर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

