फायरिंग में घायल हिस्ट्रीशीटर की मौत
जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। शहर में शुक्रवार रात को आपसी रंजिश के चलते 12वीं रोड पर गैंगवार का शिकार बने फायरिंग में घायल विक्की फाइटर की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। उसके सिर में गोली लगना बताया गया है। आज दोपहर तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। पुलिस ने मौका स्थल से देर रात तक चार जिंदा कारतूस के साथ तीन चार खाली कार्टेज के खोखे बरामद किए है। हिस्ट्रीशीटर के साथी के पैर में गोली लगी है, जिसका ऑपरेशन किया गया है। घटना के गुजरने के 12 घंटे बाद भी पुलिस की टीमें आरोपिताें की दस्तयाबी के प्रयास में जुटी रही। तीन अलग अलग टीमों को इसमें लगाया गया है। पूरा प्रकरण देवनगर थाना क्षेत्र का है। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ तकरीबन 25 मामले होना बताया जाता है।
बता दें कि मोटरसाइकिलों और मोपेड पर सवार होकर आए बदमाशों ने स्कार्पियो में सवार विक्की फाइटर और उसके साथी सन्नी हंस पर जानलेवा हमला कर दिया था।। हमले में दोनों घायल हो गए। बदमाशों ने स्कार्पियो के शीशे फोड़ दिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एमडीएम अस्पताल लेकर गए। पुलिस ने आरोपिताें की पहचान कर ली है। राजीव गांधी नगर, कुड़ी और प्रताप नगर सदर थानाधिकारी के नेतृत्व में 3 टीमें बनाई गई है।
एडीसीपी (पश्चिम) नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि सन्नी हंस और विक्की फाइटर स्कार्पियो में सवार थे। बाइक और स्कूटी पर आए 5 से 6 बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान की गई है। मौका स्थल से चार जिंदा कार्टेज मिले है। साथ ही तीन चार खोल भी बरामद हुए है। आरोपिताें की दस्तयाबी के प्रयास किए जा रहे है।
अब तक की पुलिस पड़ताल में सामने आया कि हमलावर आरोपी जिला पूर्व के है। साथ ही मरने वाला हिस्ट्रशीटर जिला पश्चिम में रहता है। हमलावर मोंटू कंडार गैंग से जुड़े हुए है। हमलावरों मेें विशाल पंडित, चीकू , अजय धारू, सुनीत तेजी की पहचान की गई है। बताया कि करीबन दो महिने पहले सन्नी हंस के भाई राहुल ने संजय मेघवाल नाम के शख्स से मारपीट की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

