दबंगाें ने दुधमुंहे बच्चे काे जमीन पर पटका, इलाज के दाैरान मौत
पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने ढाया था कहर
हमीरपुर, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जमकर कहर ढाया इतना ही नहीं दबंगों ने महिलाओं के साथ मारपीट और अश्लीलता करते हुए तीन माह के दुधमुंहे बच्चे को जमीन पर पटक दिया, जिससे बीस घंटे चले इलाज के बाद शनिवार को दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरदना निवासी प्रमोद कुशवाहा पुत्र रामेश्वर ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि,गुरुवार शाम करीब साढे छः बजे पुरानी रंजिश मानते हुए गांव के श्याम बाबू, रोहित उर्फ़ तुर्रा, राहुल, सुरेश रामप्रकाश आदि ने उसके घर पर हमला कर दिया और उसके साथ महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं आरोपियों ने तीन महीने के दुधमुंहे बच्चे को भी जमीन पर पटक दिया जिसे इलाज के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल लाया गया जहां से बच्चे की हालत नाजुक होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया और सदर अस्पताल से हायर सेंटर कानपुर के लिए रेफर किया गया था जहां पर एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई ।
वहीं कोतवाली पुलिस ने मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन अब हत्या की धारा भी जोडने की बात कही जा रही है। कोतवाली पुलिस ने मासूम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने शनिवार को शाम बताया कि बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

