home page

इंदरपुरी में 70 लाख की दिनदहाड़े लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार

 | 
इंदरपुरी में 70 लाख की दिनदहाड़े लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में 70 लाख रुपये की दिनदहाड़े हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 53.40 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि लूट की साजिश कंपनी के ही एक कर्मचारी ने रची थी, जिसने नकदी ले जाने की सूचना अपने साथियों को दी थी।

पुलिस के अनुसार 31 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे कृषि कुंज के पास दो कर्मचारी 70 लाख रुपये नकद लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। शिकायत मिलने पर इंदरपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना संदिग्ध लगी क्योंकि आरोपितों को नकदी के मूवमेंट और समय की सटीक जानकारी थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता के कर्मचारी विकास ने ही अपने साथियों मोहम्मद कैफ, ऋषि और सौरभ उर्फ बच्चा के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम ने कई दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और उप्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 53.40 लाख रुपये बरामद किए गए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद कैफ (25), ऋषि यादव (22), सौरभ उर्फ बच्चा (23) और विकास (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विकास निजी नौकरी करता था और उसे कैश मूवमेंट की पूरी जानकारी थी। उसने यह सूचना अपने साथियों को देकर वारदात को अंजाम दिलाया। वहीं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित ऋषि यादव और सौरभ के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऋषि पर रणहोला थाने में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है, जबकि सौरभ के खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी