इंदौर में पत्नी की हत्या के बाद बेटे-बेटी को तालाब में फेंका, चरित्र शंका में वारदात, आरोपित पति हिरासत में
-12 वर्षीय बेटे ने तालाब से निकलकर बचाई जान, 13 वर्षीय बेटी का शव बरामद
इंदौर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कनाड़िया थाना क्षेत्र के झालरिया गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ड्राइवर ने चरित्र पर शक के चलते पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर 12 वर्षीय बेटे व 13 वर्षीय बेटी को तालाब में फेंक दिया। बेटे ने किसी तरह तालाब से निकलकर अपनी जान बचा ली और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। बाद में पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। एसडीईआरएफ की टीम ने तलाश के दौरान बेटी का शव तालाब से बरामद कर लिया।
कनाड़िया पुलिस के मुताबिक, झालरिया गांव निवासी सुनील चौहान पेशे से ड्राइवर है। सोमवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच वह पत्नी अनिता को घर के बाहर झाड़ियों में ले गया। यहां उसने पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सुनील घर पहुंचा और दोनों बच्चों 13 वर्षीय बेटी माही और 12 वर्षीय बेटे अजय को अपने साथ लेकर पास के तालाब पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने दोनों बच्चों को तालाब में फेंक दिया। तालाब में गिरने के बाद अजय ने खुद को बचाने के लिए मरने का नाटक किया। मौका मिलते ही वह पानी से बाहर निकल आया। इसके बाद वह गांव पहुंचा और लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस रात करीब 1 बजे सुनील के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
रात में तालाब में उतरी एसडीईआरएफ की टीम
अजय की सूचना के आधार पर पुलिस ने तालाब के आसपास तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में बच्ची का पता नहीं चल सका। करीब ढाई बजे एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 3 बजे टीम ने माही का शव तालाब से बरामद कर लिया।
आरोपित ने भी की आत्महत्या की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, सुनील मूल रूप से देवास जिले के सतवास का रहने वाला है। वारदात के बाद वह इलाके से भागने की तैयारी में था। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई। तलाश के दौरान पुलिस को सुनील इलाके में घूमता मिला। उसे पहचानकर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने खुद भी जान देने की कोशिश की थी। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना की वजह चरित्र पर शक को मान रही है। हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पत्नी के शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

