इंदौर में वेयरहाउस विवाद में संचालक का अपहरण, पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से छुड़ाया
इंदौर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राऊ थाना क्षेत्र में वेयरहाउस के सौदे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई। पत्नी की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पीड़ित को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी कार जब्त की गई है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
एसीपी निधि सक्सेना ने मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित सूरज की पत्नी ज्योति ने सोमवार देर रात पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति पिगडंबर स्थित वाइन शॉप के पास खड़ा था। इसी दौरान कुछ लोग उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए। सूचना मिलते ही राऊ थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि वेयरहाउस के सौदे को लेकर सूरज और आरोपी मुकेश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मुकेश और उसके साथियों ने सूरज को कार में जबरन बैठाया और सांवेर क्षेत्र के नागपुर गांव ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सूरज को सुरक्षित छुड़ाया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज ने अपना वेयरहाउस आरोपियों को बेचने का सौदा किया था, लेकिन बाद में वह समझौते से पीछे हट गया। इसी बात को लेकर आरोपी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

