home page

इंदौरः पीडब्ल्यूडी के दो अधिकारी 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार

 | 
इंदौरः पीडब्ल्यूडी के दो अधिकारी 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार


इंदौर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार देर शाम लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के दो अधिकारियों को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आवेदक राघवेन्द्र सिंह गुर्जर, निवासी रामनगर आदर्शपुरम, ग्वालियर, जो सांई एसोसिएट फर्म में लायजनिंग मैनेजर हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी फर्म ने सितंबर 2025 में राऊ से बामपुरा तक इलेक्ट्रिक सिटिंग का काम 20 लाख रुपये में लिया था, जिसे एक माह में पूर्ण कर दिया गया था। कार्य पूर्ण होने के बाद जीएसटी सहित 17 लाख रुपये का भुगतान लंबित था।

शिकायत में बताया गया कि भुगतान जारी करने के एवज में सहायक यंत्री/प्रभारी कार्यपालन अधिकारी बालकुमार जैन (लोक निर्माण विभाग, विद्युत व यांत्रिकी संभाग इंदौर) ने चार फीसदी के हिसाब से 60 हजार रुपये और सब इंजीनियर/प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी धीरेंद्र कुमार नीमाने दो फीसदी के हिसाब से 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस प्रकार कुल 90 हजार रुपये की मांग की गई थी।

आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की। शिकायत के सत्यापन के बाद मंगलवार को ट्रैप दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बालकुमार जैन को 60 हजार रुपये और धीरेन्द्र कुमार नीमा को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर