home page

इंदौर में निगम के टैंकर ने बी टेक छात्रा को कुचला, मौत, भाई घायल, भाग रहे ड्राइवर को राहगीरों ने पीछा कर पकड़ा

 | 
इंदौर में निगम के टैंकर ने बी टेक छात्रा को कुचला, मौत, भाई घायल, भाग रहे ड्राइवर को राहगीरों ने पीछा कर पकड़ा


इंदौर, 30 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके में बुधवार सुबह नगर निगम के पानी के टैंकर की चपेट में आने से बी टेक छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसके साथ दोपहिया वाहन पर जा रहा भाई घायल हो गया। हादसा वेदांत इंटरनेशनल स्कूल के पास करीब 11:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। लोगों ने चालक की पिटाई भी की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, कटनी निवासी 20 वर्षीय अर्चिता झार अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से छोटा बांगड़दा रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान नगर निगम के पानी के टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अर्चिता सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका भाई प्रणय भी हादसे में घायल हुआ है।

टक्कर के बाद भागने लगा चालक

हादसे के तुरंत बाद टैंकर चालक वाहन लेकर वहां से निकलने लगा। दुर्घटना देख आसपास मौजूद राहगीरों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोककर पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने चालक की पहचान रामचंद्र चौकसे के रूप में बताई है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी में कर रही थी बी टेक

पुलिस के अनुसार अर्चिता झार सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बी टेक की पढ़ाई कर रही थी। हादसे की सूचना उसके परिजन को दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस टैंकर की गति, हादसे की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे