home page

इंदौर में लोकायुक्त की कार्रवाई, 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते शासकीय स्कूल के प्राचार्य गिरफ्तार

 | 
इंदौर में लोकायुक्त की कार्रवाई, 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते शासकीय स्कूल के प्राचार्य गिरफ्तार


निजी स्कूल की शिकायत के निराकरण के बदले मांगी थी राशि

इंदौर, 29 मई (हि.स.)। लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को इंदौर के संयोगितागंज स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक क्रमांक- 1 के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी राजकुमार चेलानी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपित प्राचार्य पर एक निजी स्कूल से संबंधित शिकायत के निराकरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी अनुसार मामले की शिकायत इदरिस नगर निवासी एवं “द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल” के संचालक रवि जैसवाल ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके स्कूल के खिलाफ एक अभिभावक द्वारा शिकायत की गई थी, जिसके निराकरण के लिए प्राचार्य राजकुमार चेलानी द्वारा 10 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। शुक्रवार को आरोपी प्राचार्य ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेने के लिए विद्यालय परिसर में बुलाया। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की राशि स्वीकार की, लोकायुक्त की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई लोकायुक्त निरीक्षक प्रतिभा तोमर एवं उनकी टीम ने की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम संशोधन-2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त कार्यालय को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे