home page

इंदौर: शराब पीने से रोका तो मंदिर संचालक की कर दी हत्या, नशे में धुत कर्मचारी ने डंडे से सिर पर किए वार

 | 
इंदौर: शराब पीने से रोका तो मंदिर संचालक की कर दी हत्या, नशे में धुत कर्मचारी ने डंडे से सिर पर किए वार


अस्पताल में उपचार के दौरान मौत, आरोपी हिरासत में

इंदौर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में मंगलवार अलसुबह एक मंदिर संचालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंदिर में शराब पीकर आने से मना करने पर नाराज एक कर्मचारी ने संचालक पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। मृतक कैलाश मोदी (70) मंदिर का संचालन करते थे। मंदिर में कार्यरत मुकेश शर्मा शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे की हालत में मंदिर पहुंचकर विवाद करता था। इस बात को लेकर कैलाश मोदी उसे कई बार समझाइश दे चुके थे, लेकिन उसकी आदत में सुधार नहीं आया। मंगलवार सुबह भी मुकेश शर्मा नशे की हालत में मंदिर पहुंचा। कैलाश मोदी ने उसे शराब पीकर मंदिर आने से रोका और संयम बरतने की सलाह दी। इसी बात से गुस्साए मुकेश ने अपना आपा खो दिया। वह डंडा लेकर कैलाश मोदी के पीछे दौड़ा और उनके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में कैलाश मोदी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि हत्या के आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे