इंदौर में शराब दुकान पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या
इंदौर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान पर हुआ विवाद एक युवक की जान ले गया। सिद्धार्थ नगर के पास स्थित वाइन शॉप पर शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में हेमंत उर्फ हेमू जाट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार, सिद्धार्थ नगर निवासी 39 वर्षीय हेमंत उर्फ हेमू जाट पुत्र राजेन्द्र जा वाइन शॉप पर बैठकर कृष्णा पाटिल और राजेश चौहान के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कृष्णा पाटिल ने चाकू निकालकर हेमंत पर तीन से चार वार कर दिए। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल हेमंत को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कुछ ही समय बाद हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक हेमंत ई-रिक्शा चालक था और उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी कृष्णा पाटिल आदतन अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला शराब पीने के दौरान हुए विवाद का सामने आया है।
मृतक की मां मीना जाट ने बताया कि घर से निकलते समय हेमंत ने कहा था, मम्मी, चौराहे तक जा रहा हूं, थोड़ी देर में वापस आ जाऊंगा। मां ने साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन हेमंत ने उन्हें मना कर दिया। मीना जाट ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे वह हेमंत को उसके बच्चों को स्कूल छोड़ने भेजने वाली थी, तभी एक व्यक्ति घर पहुंचा और बताया कि हेमंत घायल हो गया है। घबराई मां पहले शराब दुकान और फिर थाने पहुंचीं, लेकिन वहां बेटे की जगह सिर्फ खून के निशान मिले।
अस्पताल में बेटे को ढूंढ़ती रही मां, तब तक हो चुकी थी मौत
हेमंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे। मां मीना जाट बेटे से मिलने की आस में अस्पताल पहुंचीं और उसे पुकारती रहीं। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि हेमंत की मौत हो चुकी है। अस्पताल में उनका विलाप देख हर कोई भावुक हो उठा।
दोनों बेटियां अब भी अनजान, पहले ही उठ चुका था मां का साया
हेमंत की दोनों बेटियां कनक और मुस्कान भी अस्पताल पहुंचीं। परिवार के अनुसार, दोनों को अभी तक पिता की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। हेमंत की दोनों पत्नियों का पहले ही निधन हो चुका है। अब दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र ने बताया कि उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि मां का हेमंत से बेहद गहरा लगाव था और इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

