इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट की हत्या के फरार आरोपी पति का सिरकटा शव रेलवे ट्रैक पर मिला
गंजबासौदा में ट्रैक किनारे मिला धड़, जेब से आधार कार्ड और सुसाइड नोट बरामद
इंदौर/गंजबासौदा, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति अखिलेश सैनी का सिरकटा शव रविवार को गंजबासौदा में रेलवे ट्रैक पर मिला। शव का सिर धड़ से गायब था। पुलिस को धड़ की जेब से आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और एक सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस ने कहा है कि परिजन से पहचान कराने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस समेत अखिलेश के परिजन गंजबासौदा के लिए निकल गए हैं।
गंजबासौदा शहर थाना प्रभारी संजय वेदिया ने बताया कि गंजबासौदा और पवई के बीच रेलवे ट्रैक के पोल नंबर-925 के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर केवल धड़ मिला, जबकि सिर गायब था। तलाशी लेने पर जेब से आधार कार्ड और कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस ने रेलवे ट्रैक के आसपास करीब छह किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सिर का कोई सुराग नहीं मिला। शव गंजबासौदा रेलवे स्टेशन से लगभग तीन किलोमीटर दूर मिला है।
11 जुलाई को हुई थी उर्मिला सैनी की हत्या
बता दें कि बीती 11 जुलाई को इंदौर स्थित सरकारी आवास में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) की हत्या कर दी गई थी। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब दोपहर करीब एक बजे उनके दोनों बच्चे स्कूल से लौटे। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर टीवी की आवाज असामान्य रूप से तेज चल रही थी। बच्चे जब अंदर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को सूचना दी। पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
आरोपी पर था 20 हजार रुपये का इनाम
हत्या के बाद से अखिलेश सैनी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में जुटी थीं। पहले उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दिया गया। बेटी प्रेक्षा ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता लंबे समय से मां पर बेवजह शक करते थे। पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने की कोशिश कर चुके थे। एक बार बीच-बचाव करने पर उन्होंने बेटी पर भी मंदिर का सिंहासन फेंक दिया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अखिलेश पिछले आठ दिनों से कहां छिपा था, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और कथित सुसाइड नोट में क्या लिखा है।
हत्याकांड से जुड़े 5 बड़े खुलासे
1. हत्या के बाद नहाया, तिलक लगाया और बच्चों के स्कूल पहुंचा
पुलिस जांच के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े घर के पास फेंके, नहाकर साफ कपड़े पहने, तिलक लगाया और बच्चों के स्कूल पहुंचा। वहां उसने बेटी को घर की चाबी, एटीएम कार्ड और मां का नेकलेस देकर छुट्टी के बाद मौसी के घर जाने को कहा और फरार हो गया।
2. चीखें दबाने के लिए टीवी की आवाज कर दी तेज
बेटी प्रेक्षा के मुताबिक जब वह घर पहुंची तो टीवी का वॉल्यूम बेहद तेज था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने ऐसा इसलिए किया ताकि उर्मिला की चीख-पुकार बाहर तक न सुनाई दे।
3. हत्या की पहले से कर रखी थी तैयारी
जांच में घर से मेडिकल नाइफ का बॉक्स मिला है। परिजनों का दावा है कि आरोपी ने ऑनलाइन विशेष मेडिकल चाकू मंगवाया था और उसी का इस्तेमाल हत्या में किया। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
4. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई क्रूरता
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार उर्मिला के सिर पर पहला वार किया गया, जिससे वह असहाय हो गईं। रिपोर्ट में जबड़ा और चार दांत टूटने, गर्दन पर गहरे घाव तथा चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने का उल्लेख है।
5. सीसीटीवी से बचने के लिए चुना ब्लाइंड स्पॉट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे स्टेशन और सरवटे बस स्टैंड के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया था। इसके बाद वह जानबूझकर ऐसे रास्तों से निकला, जहां कैमरों की निगरानी नहीं थी।
फिलहाल पुलिस शव की पहचान, सुसाइड नोट की जांच और अखिलेश सैनी की मौत की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

