इंदौर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में बैंककर्मी की हत्या, दोस्त ने बोतल और पानी की मोटर से किया हमला
आरोपी वारदात के बाद परिवार सहित फरार, पुलिस तलाश में जुटी
इंदौर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक निजी बैंक में कार्यरत युवक की उसके ही दोस्त ने शराब की बोतल और पानी की मोटर से हमला कर हत्या कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि घटना के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घटना पंचवटी कॉलोनी (साहूनगर क्षेत्र) की है। मृतक की पहचान जितेंद्र पुत्र फूलचंद मीणा (38) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके परिचित धर्मेंद्र पंवार पर है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से मित्रता थी और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे।
छुट्टी के दिन घर पर चल रही थी पार्टी
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह एवं थाना प्रभारी वरेन्द्र कुशवाह ने बताया कि जितेंद्र एक निजी बैंक में कार्यरत था। मंगलवार को उसकी छुट्टी थी और वह घर पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उसका परिचित धर्मेंद्र पंवार उसके घर पहुंचा। दोनों ने साथ बैठकर शराब पीना शुरू किया। घटनास्थल से बीयर और शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे स्पष्ट है कि दोनों ने काफी देर तक शराब का सेवन किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
पहले बोतल फोड़ी, फिर पानी की मोटर से किए वार
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुस्से में आए धर्मेंद्र ने पहले शराब की बोतल जितेंद्र के सिर पर दे मारी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने पास में रखी पानी भरने वाली मोटर उठाकर जितेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर लगातार किए गए हमलों से जितेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
खून से सने कपड़ों में भागता दिखा आरोपी
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वारदात के बाद धर्मेंद्र पंवार खून से सने कपड़ों और जूतों में तेजी से अपने घर की ओर भागता दिखाई दिया। कुछ लोगों ने उसे घबराई हुई हालत में इलाके से निकलते हुए भी देखा। बताया जा रहा है कि घटना के कुछ समय बाद आरोपी अपने परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
अकेले रह रहा था मृतक
जानकारी के अनुसार मृतक जितेंद्र मीणा का वैवाहिक जीवन भी लंबे समय से सामान्य नहीं था। करीब सात वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेला रह रहा था। बैंक की नौकरी के साथ वह सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था। परिजनों और परिचितों के अनुसार जितेंद्र शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
आरोपी करता है जाली लगाने का काम, तलाश जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी धर्मेंद्र पंवार घरों में खिड़की-दरवाजों पर प्लास्टिक की मच्छर जाली लगाने का काम करता है। वह मृतक के घर के आसपास ही रहता था और दोनों के बीच अच्छी पहचान थी। घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

