इंदौर क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का किया भांडाफाेड़, 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार
इंदौर, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में ब्राउन शुगर की तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने मंदसौर निवासी कथित मुख्य सप्लायर अय्यूब कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मंदसौर से ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में सप्लाई करता था। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के बाद सप्लायर के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार काे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 अगस्त को टीम को पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड, अरविंदो लवकुश चौराहे के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। घेराबंदी कर राहुल सौदागर को पकड़ा गया। तलाशी में उसकी जींस की जेब से 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपए बताई गई है।
पूछताछ में राहुल ने पुलिस को बताया कि उसे ब्राउन शुगर मंदसौर निवासी अय्यूब कुरैशी से मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने राहुल की निशानदेही पर दबिश देकर अय्यूब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अय्यूब दिहाड़ी मजदूरी करता है, जबकि राहुल ई-रिक्शा चालक है।
नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी बढ़ाई है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी को ब्राउन शुगर कहां से मिलती थी, इंदौर में इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी और नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
2026 में अब तक 65 एनडीपीएस केस
क्राइम ब्रांच के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 65 मामलों में 138 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 2.97516 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 28.338 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 327.42 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3 करोड़ 73 लाख 98 हजार रुपए कीमत के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

