इंदौर में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, पिछला हिस्सा टूटकर 50 फीट दूर गिरा
इंदौर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर जिले में पिपल्याहाना से बंगाली चौराहे के बीच शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसका पिछला हिस्सा टूटकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तिलक नगर पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुई। ई-रिक्शा सवारियों को लेकर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और उसका पिछला हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। वहीं, अनियंत्रित कार सड़क के बीच बने डिवाइडर में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में ई-रिक्शा चालक अल्फेश उर्फ बबलू खान और मजदूरी करने वाले घनश्याम करोले व राजा सांवले घायल हुए हैं। तीनों को हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर तिलक नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

