home page

इंदौर: सीएचएमओ कार्यालय के पीछे युवक का शव मिला, सिर पर पत्थर से वार के निशान, हत्या की आशंका

 | 
इंदौर: सीएचएमओ कार्यालय के पीछे युवक का शव मिला, सिर पर पत्थर से वार के निशान, हत्या की आशंका


इंदौर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सीएचएमओ कार्यालय के पीछे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए मामले की पड़ताल में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार घटना पालिका प्लाजा के पीछे स्थित मंदिर के ओटले की है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव घटनास्थल पर लाकर फेंका गया है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे