home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 126 किलो गांजा बरामद, तस्कर स्कॉर्पियो लेकर फरार

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 126 किलो गांजा बरामद, तस्कर स्कॉर्पियो लेकर फरार


सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर के जवानों ने 126 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, जवानों को देखकर तस्कर स्कॉर्पियो वाहन लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

बरामद गांजे को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वीरपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। वाहिनी मुख्यालय वीरपुर एवं सीमा चौकी फतेहपुर की संयुक्त नाका पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 204/02 के समीप नियमित गश्ती एवं नाका ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान जवानों की नजर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन पर पड़ी। संदेह होने पर जवानों ने तत्काल वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर तेज गति से वाहन लेकर अंधेरे में फरार हो गए।

इसके बाद जवानों ने घटनास्थल एवं आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में गांजा जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ था। वजन एवं सील करने की प्रक्रिया पूरी करने पर कुल 126 किलोग्राम गांजा बरामद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जब्त मादक पदार्थ को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना को सौंप दिया गया।

एसएसबी के अनुसार, खोंटाहा एवं लालपुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयास सामने आ रहे हैं। तस्कर खेत-खलिहान और झाड़ियों में मादक पदार्थ छिपाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वाहनों से तस्करी करने का प्रयास कर रहे हैं।

इसी क्रम में 14 नवंबर को भी लालपुर क्षेत्र में एसएसबी ने स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से की जा रही तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए 253 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस संबंध में 45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर रोक लगाने तथा सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र