home page

भारत-नेपाल सीमा पर 14.4 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार, बाइक व नकदी जब्त

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर 14.4 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार, बाइक व नकदी जब्त


सुपौल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर के जवानों ने 14.4 लीटर नेपाली शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

मौके से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, हेडफोन और 3,960 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुरारी कुमार के रूप में हुई है। 45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीमा चौकी निओर के जवानों ने यह कार्रवाई की। जवानों को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 229/1 के समीप से एक मोटरसाइकिल गुजरने वाली है, जिस पर सवार व्यक्ति के पास नेपाली शराब होने की आशंका है।

सूचना मिलने के बाद नाका कमांडर के नेतृत्व में जवानों को संबंधित स्थान पर भेजा गया। कुछ देर बाद वहां एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जवानों ने मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, तो उस पर सवार व्यक्ति के पास से नेपाली शराब समेत अन्य सामान बरामद हुआ। तलाशी के दौरान 300 मिलीलीटर की 48 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 14.4 लीटर है। इसके अलावा एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन, एक हेडफोन और 3,960 रुपये भारतीय मुद्रा जब्त की गई।

एसएसबी जवानों ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक और बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आंध्रमठ थाना पुलिस को सौंप दिया। कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और शराब तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी लगातार निगरानी कर रही है। सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों को सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र