भारत-नेपाल सीमा पर 231 लीटर नेपाली शराब जब्त, दो गिरफ्तार
सुपौल, 14 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर के जवानों ने 14 सितंबर को अलग-अलग कार्रवाई में 231 लीटर नेपाली शराब जब्त की।
कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल भी बरामद की गई तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई सीमा चौकी सतना की नाका पार्टी ने की। करीब 4:45 बजे नाका ड्यूटी से लौट रहे जवानों को सीमा स्तंभ संख्या 202 के समीप भारतीय क्षेत्र के खेत में दो संदिग्ध बोरियां दिखाई दीं।
तलाशी लेने पर दोनों बोरियों से 300 एमएल क्षमता वाली नेपाली शराब की 420 बोतलें बरामद हुईं, जिनमें कुल 126 लीटर शराब थी। मौके से एक साइकिल भी बरामद की गई।
शराब और साइकिल को आवश्यक कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग, सिमराही को सौंप दिया गया। दूसरी कार्रवाई में सीमा चौकी नरपतपट्टी के जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान नेपाल की ओर से भारत आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। उसकी पहचान भारत कुमार, निवासी बिशनपुर, सुपौल के रूप में हुई। उसके कब्जे से 300 एमएल की नेपाली शराब की 230 बोतलें यानी 69 लीटर शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शराब, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार व्यक्ति को थाना रतनपुरा, सुपौल को सौंप दिया गया।
तीसरी कार्रवाई में करीब 14 बजे सीमा चौकी सतना के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप नेपाल से मोटरसाइकिल से भारत आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। उसके बैग की तलाशी लेने पर 300 एमएल क्षमता वाली नेपाली शराब की 120 बोतलें, कुल 36 लीटर बरामद हुईं। आरोपी की पहचान नश्यतम कुमार, निवासी भवानीपुर के रूप में हुई। शराब और मोटरसाइकिल समेत आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद थाना वीरपुर को सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक कूंचा सोनार, मुख्य आरक्षी (सामान्य) तुषार समेत अन्य बलकर्मी शामिल थे।
45वीं वाहिनी एसएसबी, वीरपुर के द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी की रोकथाम के लिए एसएसबी जवान लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

