home page

भारत-नेपाल सीमा पर 126 लीटर नेपाली शराब जब्त, तस्कर बाइक छोड़कर फरार

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर 126 लीटर नेपाली शराब जब्त, तस्कर बाइक छोड़कर फरार


सुपौल, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के वीरपुर क्षेत्र अंतर्गत सीमा चौकी सतना के जवानों ने शनिवार रात भारत-नेपाल सीमा पर गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की। जवानों ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

शराब तस्करी में शामिल व्यक्ति जवानों को देखते ही बाइक छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया।एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह के अनुसार, सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को लेकर जवान लगातार सतर्कता बरत रहे हैं।

इसी क्रम में शनिवार रात करीब 8:45 बजे सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप सीमा चौकी सतना के मुख्य द्वार पर तैनात जवानों ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बोरी लादकर नेपाल से भारत की ओर आते देखा।

जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया। जवानों को देखते ही व्यक्ति मोटरसाइकिल और बोरी छोड़कर नेपाल की दिशा में भाग गया। इसके बाद जवानों ने मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बोरी से 420 बोतलों में कुल 126 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद हुई। जवानों ने शराब के साथ मौके से एक लावारिस मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

कार्रवाई के बाद एसएसबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त शराब और मोटरसाइकिल को उत्पाद विभाग, सुपौल के सुपुर्द कर दिया। इस अभियान में मुख्य आरक्षी (सामान्य) इफ्तेखार अहमद खान के नेतृत्व में एसएसबी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र