भारत-नेपाल सीमा पर 28.40 किलो बीज बरामद, एक व्यक्ति पकड़ा गया
सुपौल, 18 अगस्त (हि.स.)।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है।
सीमा चौकी सतना के विशेष गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 204/1 के समीप भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से ले जाए जा रहे विभिन्न प्रकार के सब्जियों के बीज बरामद किए। इस दौरान एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया। 17 अगस्त को करीब छह बजे शाम सीमा चौकी सतना का विशेष गश्ती दल सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहा था।
इसी दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को साइकिल पर बोरी में सामान लेकर भारत से नेपाल की ओर जाते देखा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए गश्ती दल ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम सरोज कुमार, निवासी फतेहपुर, जिला सुपौल बताया। बोरी में रखे सामान के बारे में पूछताछ करने पर सरोज कुमार ने बताया कि वह खोंटाहा स्थित गुलशन नर्सरी में काम करता है और नर्सरी के मालिक उमर फारुक ने उसे एक बोरी सब्जियों के बीज नेपाल के भंटाबारी गांव पहुंचाने के लिए दिया था। हालांकि, वह बीज से संबंधित कोई वैध बिल अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान बोरी से विभिन्न किस्मों के सब्जियों के बीज के कुल 722 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 28.40 किलोग्राम बताया गया है। बरामद बीजों में सेम, मिर्च, बीन्स, मूली, पालक, पत्तागोभी, चुकंदर, टमाटर, बैंगन, गाजर और फूलगोभी के बीज शामिल हैं।
एसएसबी के मुताबिक, सामान का वैध बिल या अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने तथा संबंधित व्यक्ति द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रथम दृष्टया इसे आवश्यक सीमा शुल्क प्रक्रिया एवं भुगतान के बिना अवैध रूप से भारत से नेपाल ले जाने का मामला माना गया।
कार्रवाई के बाद बरामद सब्जियों के बीज, साइकिल और पकड़े गए सरोज कुमार को आवश्यक कानूनी एवं अग्रेतर कार्रवाई के लिए लैंड कस्टम ऑफिस (एलसीएस), भीमनगर, सुपौल को विधिवत सौंप दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) बबलू कुमार सिंह सहित एसएसबी के अन्य जवान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

