home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 31.4 किलो गांजा,  नेपाली पासपोर्ट व हिरण का सींग बरामद किया

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 31.4 किलो गांजा,  नेपाली पासपोर्ट व हिरण का सींग बरामद किया


भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 31.4 किलो गांजा,  नेपाली पासपोर्ट व हिरण का सींग बरामद किया


सुपौल, 03 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर को सोमवार सुबह बड़ी सफलता मिली। सीमा चौकी सतना की टीम ने नियमित गश्ती के दौरान 31.400 किलोग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट और एक हिरण का सींग बरामद करते हुए एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया।

एसएसबी के अनुसार, यह कार्रवाई सोमवार सुबह करीब 6:35 बजे सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप नियमित एनसीपी ड्यूटी के दौरान की गई। जवानों ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देख तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार तस्कर की पहचान नीलेश कुमार, निवासी मंडल टोला, बीरपुर, जिला सुपौल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 31.400 किलोग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट तथा एक हिरण का सींग बरामद किया गया।

कार्रवाई के बाद एसएसबी ने मंडल टोला क्षेत्र में अतिरिक्त बल, नारकोटिक डॉग स्क्वाड और ड्रोन की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना और संभावित रूप से छिपाए गए मादक पदार्थों की बरामदगी सुनिश्चित करना था। सभी आवश्यक कानूनी और जब्ती संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा, नेपाली पासपोर्ट, हिरण का सींग तथा गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कार्रवाई के लिए बीरपुर थाना के हवाले कर दिया गया।

इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक कृपाल सिंह के नेतृत्व में एसएसबी के अन्य जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र