भारत-नेपाल सीमा पर 31.6 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक जब्त
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.6 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 23 जुलाई को वीरपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड की ओर से मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने वाहन जांच अभियान चलाते हुए संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो मोटरसाइकिलों से कुल 31 किलोग्राम 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है।गिरफ्तार आरोपित की पहचान युसुफ मियां के रूप में हुई है। वह बलेठीपट्टी वार्ड संख्या-2, थाना वीरपुर, जिला सुपौल का निवासी है।
पुलिस ने इस मामले में वीरपुर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। सुपौल पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

