home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार -15 वर्षीय नेपाली बालिका का रेस्क्यू

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार -15 वर्षीय नेपाली बालिका का रेस्क्यू


सुपौल, 09 नवंबर (हि.स.)। बिहार में सुपौल जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल वीरपुर के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वांछित फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके साथ भारत में प्रवेश कर रही 15 वर्षीय नेपाली नाबालिग बालिका को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला बाल विवाह और संभावित मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर कानूनी पहलुओं से जुड़ा पाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुजफ्फर अहमद बेग (34), निवासी जिला बारामूला, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। वह श्रीनगर के थाना बटमालू में दर्ज प्राथमिकी संख्या 133/2026 में वांछित था। उसके भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से आवागमन की आशंका को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीर एवं पहचान संबंधी जानकारी 45वीं वाहिनी के विभिन्न चेक पोस्टों पर भेजी गई थी। इसी क्रम में 8 नवंबर 2026 को करीब 3:40 बजे भीमनगर चेक पोस्ट पर नियमित जांच एवं डाटा एंट्री के दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद नाबालिग बालिका पर जवानों की नजर पड़ी। जांच के दौरान व्यक्ति का चेहरा और पहचान संबंधी विवरण जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा प्रसारित वांछित अभियुक्त के विवरण से मेल खा गया।

इसके बाद चेक पोस्ट कमांडर सहायक उपनिरीक्षक केदार चौहान ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और इसकी सूचना समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट राहुल कुमार तथा 'सर्वो प्रयास संस्था' के सदस्य संजीव कुमार मेहता को दी। संयुक्त टीम ने नियमानुसार पूछताछ एवं जांच की।

पूछताछ में मुजफ्फर अहमद बेग ने बताया कि उसने 27 अक्टूबर 2026 को नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली 15 वर्षीय बालिका से विवाह किया था। इसके बाद 8 नवंबर को वह बालिका को अपने साथ लेकर नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहा था। बालिका की उम्र महज 15 वर्ष होने की जानकारी मिलने पर मानव तस्करी रोधी इकाई की महिला जवान के संरक्षण में उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पास से एक आधार कार्ड और नेपाली मुद्रा के 10,500 रुपये बरामद किए गए। नाबालिग बालिका के पास से नेपाली जन्म प्रमाण पत्र मिला, जिससे उसकी उम्र की पुष्टि हुई।

प्रथम दृष्टया मामला नाबालिग से जुड़े बाल विवाह और संभावित मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर वैधानिक पहलुओं से संबंधित पाए जाने पर 8 नवंबर को शाम करीब 4:20 बजे अभियुक्त को विधिवत हिरासत में लिया गया। इसके बाद सहायक कमांडेंट राहुल कुमार ने जम्मू-कश्मीर के थाना बटमालू के थानाध्यक्ष से संपर्क स्थापित कर मामले की जानकारी साझा की।

आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अभियुक्त, रेस्क्यू की गई नाबालिग बालिका और बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम, मानव तस्करी पर अंकुश लगाने तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बल के जवान लगातार सतर्क हैं। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए इस तरह की प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र