home page

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


सुपौल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने कुनौली सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। बरामद हथियार और कारतूस के साथ दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी कुनौली के जवान भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 223 के समीप नाका ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या BR-32-BA-2398 पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम माधव कुमार और दीपक कुमार कामैत बताया। इसके बाद एसएसबी की नाका पार्टी ने नियमानुसार मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद हथियार और कारतूस को अपने कब्जे में लेकर दोनों व्यक्तियों को मोटरसाइकिल सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सीमा पार अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता बरत रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र