भारत-नेपाल सीमा से 16.5 किलो गांजा, नेपाली बाइक और 9 मवेशी जब्त
सुपौल, 24 जून (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) वीरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16.5 किलोग्राम गांजा, एक नेपाली नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 9 मवेशी जब्त किए हैं। दो अलग-अलग अभियानों में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि गांजा तस्करी में शामिल दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसएसबी की स्पेशल क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) भीमनगर-सहरसा चौक के समीप नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान लालपुर गांव की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जवानों ने रुकने का संकेत दिया। एसएसबी को देखकर बाइक सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गया। मौके का फायदा उठाकर दोनों तस्कर नेपाल सीमा की ओर फरार हो गए। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे दो बोरों से 16.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
एसएसबी ने बरामद गांजा और नेपाली नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस को सौंप दिया। एक अन्य कार्रवाई में सीमा चौकी सिमरीघाट की पेट्रोलिंग टीम ने भारत से नेपाल ले जाए जा रहे 9 बैलों के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी अपनी पहचान रामदेव मुखिया, निवासी छिटही, जिला सुपौल के रूप में बताई। एसएसबी अधिकारियों द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त मवेशियों और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भपटियाही थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। इन सामानों की हुई बरामदगी की सूची - गांजा – 16.5 किलोग्राम,नेपाली नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल – 01,बैल (मवेशी) – 09,45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर के कमांडेंट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक नवीन सिंह, मुख्य आरक्षी प्रताप नारायण दुबे तथा बिहार पुलिस के पीटीसी रामचंद्र चौधरी समेत कई जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भीमनगर और भपटियाही थाना पुलिस ने एसएसबी के आवेदन के आधार पर एनडीपीएस एक्ट और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

