जबलपुर: इंडिगो फ्लाइट में सुप्रीम कोर्ट के वकील से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
जबलपुर, 26 जून (हि.स.)। दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6038 में एक यात्री के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित ने स्वयं को उच्चतम न्यायालय का अधिवक्ता बताते हुए एक सहयात्री पर धक्का देने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता निवासी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सुहान मुखर्जी अपने तीन वर्षीय बेटे और एक केयरटेकर के साथ दिल्ली से जबलपुर पहुंचे थे। सुबह करीब 8:20 बजे फ्लाइट के डुमना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जब वह ओवरहेड केबिन से अपना हैंड बैग निकाल रहे थे, तभी पीछे खड़े एक यात्री ने उन्हें कथित तौर पर जोर से धक्का दे दिया।
बताया गया कि योगेश बंसल ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने अधिवक्ता को धक्का देते हुए विमान के अगले दरवाजे तक घसीटा और फ्लाइट स्टाफ की मौजूदगी में भी लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा।
घटना के बाद अधिवक्ता ने खमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उनका शासकीय सिविल अस्पताल, रांझी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के अनुसार सुबह इंडिगो फ्लाइट में मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें पीड़ित की शिकायत पर बीएस की धारा 296, 115, 351 के तहत आरोपी योगेश बंसल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने अधिवक्ता को शासकीय सिविल अस्पताल, रांझी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। मारपीट में अधिवक्ता के सिर के पिछले हिस्से, गर्दन, कंधे और पीठ में चोटें आने की बात कही गई है। घटना के दौरान उनका बैग भी विमान में छूट गया था, जिसे बाद में इंडिगो के कर्मचारियों ने उन्हें सौंप दिया। पीड़ित का कहना है कि फ्लाइट स्टाफ पूरी घटना का प्रत्यक्षदर्शी है। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

