home page

भारत न्यूजीलैंड क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, करोड़ों का लेनदेन और गैजेट्स बरामद

 | 
भारत न्यूजीलैंड क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, करोड़ों का लेनदेन और गैजेट्स बरामद


अजमेर, 9 मार्च(हि.स.)। राजस्थान के अजमेर जिले की गंज थाना पुलिस ने रावत नगर में कार्रवाई करते हुए भारत बनाम न्यूजीलैण्ड वर्ल्ड कप टी 20 फाइनल मैच पर करोड़ों रुपये का ऑनलाइन सट्टा करते 11 सटोरियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से काफी भारी संख्या में गैजेट्स जब्त किए हैं।

एसपी वन्दिता राणा ने जानकारी दी कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम प्रभारी सत्यवान सिंह मीणा के नेतृत्व में डीएसटी टीम ने यह कारवाई अंजाम दी है। गंज थाना क्षेत्र से 10 और हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे करोड़ों रुपये का ऑनलाइन लेनदेन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद हुआ है। गंज और हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार रविवार देर रात टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा था। इसी बीच जिला स्पेशल टीम को गंज और हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा लगाने की सूचना मिली थी। जिला स्पेशल टीम के इंचार्ज सत्यवान के नेतृत्व में गंज थाना क्षेत्र के रावत नगर में यहां एक घर में मोबाइल पर सट्टा लगाते हुए 10 जनों को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से एक करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन, एक लैपटॉप, 15 एंड्राइड मोबाइल और 6 कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपित सट्टा किंग भागचंद के लिए काम कर रहे थे। सभी को 20 हजार रुपये और अन्य सैलरी पर रखा हुआ था। जिन्हें ऑनलाइन सट्टा लगाने का काम दिया गया था। हालांकि पुलिस भागचंद की तलाश में जुटी है।

जिन आरोपितों को पकड़ा गया उनमें राजेश देवानी पुत्र हीरानंद देवानी निवासी डिग्गी बाजार, मनीष धनजानी पुत्र गोपीचंद निवासी विनायक विहार, महेश तमोली पुत्र रामरतन तमोली निवासी कोटडा, मनीष कुमार पुत्र पुरुषोतमदास निवासी-गली न.02 गीता कॉलोनी फॉयसागर रोड, गोपाल मेघवंशी पुत्र रामपाल मेघवंशी निवासी भॉवता, गिरिश नलवानी पुत्र ईश्वरदास निवासी रावत नगर, रामाकिशन चौहान पुत्र गोपाल लाल चौहान निवासी फॉयसागर रोड बोराज, प्रकाश देवानी पुत्र हीरानंद देवानी निवासी राज कॉलोनी, दीपक लीलानी पुत्र दिनेश लीलानी निवासी राज कॉलोनी फॉयसागर और दिनेश लीलानी पुत्र कालूराम लीलानी निवासी राज कॉलोनी, फॉयसागर शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष