घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले गैस एजेंसी संचालक सहित तीन गिरफ्तार
जयपुर, 05 मई (हि.स.)। सोडाला थाना पुलिस और रसद विभाग ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोडाला इलाके में अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेचते हुए गैस एजेंसी संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर शहर में रिहायशी इलाकों में वाहनों के जरिए अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर रसद विभाग की प्रवर्तन अधिकारी कविता शर्मा और सोडाला थाना पुलिस ने जमुना नगर विस्तार (सुशीलपुरा) स्थित एक खाली प्लॉट पर दबिश दी। जहां दबिश के दौरान मौके पर पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप और भारी मात्रा में 97 घरेलू (14.2 किग्रा) और 2 व्यावसायिक (19 किग्रा) गैस सिलेंडर सहित एक चौपहिया,पिकअप,दो दुपहिया वाहन बरामद किए। वहीं पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपित सुरेश योगी और कुलदीप योगी मिलकर अजमेर स्थित श्री कृष्णा एचपी गैस सर्विस से सिलेंडर अवैध रूप से खरीदते थे। पुलिस ने इस मामले में गैस एजेंसी के संचालक वेणी गोपाल को भी गिरफ्तार किया है। जिसने लालच में आकर बिना बुकिंग के आरोपितों को सिलेंडर उपलब्ध कराना स्वीकार किया। आरोपित सुरेश और कुलदीप करीब एक साल से इस धंधे में शामिल थे। वे निर्धारित दर से 100 रुपये अधिक कीमत पर जरूरतमंद लोगों को सिलेंडर बेचते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपितों ने अपनी पिकअप पर एचपी गैस का लोगो भी लगवा रखा था,ताकि चेकिंग के दौरान वे पकड़े न जाएं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ईसी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

