home page

वांटेड के छत से कूदने का मामला : पुलिस वाहन में तोडफ़ोड़, उपकरण चोरी और राजकार्य में बाधा का केस दर्ज

 | 
वांटेड के छत से कूदने का मामला : पुलिस वाहन में तोडफ़ोड़, उपकरण चोरी और राजकार्य में बाधा का केस दर्ज


एएसआई ने दी नागौरी गेट थाने में नामजद सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट

जोधपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के नागौरी गेट थाना क्षेत्र में 30 सितंबर की रात को एक वांटेड युवक को पकड़ने पुलिस उसके घर गई थी। वहां युवक डर के मारे तीन मंजिला मकान की छत पर पहुंच गया और वहां से कूदकर भागने का प्रयास किया था। इस हादसे में विद्युत तारों की चपेट में आ गया और नीचे गिरने से घायल हो गया। उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। बाद में परिजन की तरफ से धरना प्रदर्शन किया गया। इस पर पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एएसआई सहित चार पुलिस कर्मियों को लाइन में भेज दिया गया था। अब रिजर्व पुलिस लाइन के तैनात एएएसआई नेमीचंद की तरफ से अनीस सहित अन्य लोगों को नामजद कर नागौरी गेट थाने में राजकार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने का केस दर्ज कराया गया है। आरोप है कि अनीस और अन्य ने मिलकर पुलिस के वाहन को क्षतिग्रस्त किए जाने के साथ उपकरण चोरी कर लिए, साथ ही वाहन में तोडफ़ोड़ की गई। नागौरी गेट पुलिस ने एएसआई नेमीचंद की रिपोर्ट पर एससीएसटी एक्ट की धारा, राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में अब केस दर्ज किया है। पूरे मामले में जांच एसीपी पूर्व हरजीराम की तरफ से की जा रही है। दर्ज प्रकरण में फिलहाल गिरफ्तारी नहीं बताई गई है।

यह है मामला :

बता दे कि गत 30 सितंबर की रात में गायों की फाटक क़े पास रहने वाले सद्दाम पुत्र खलील को किसी मामले में पकड़ने क़े लिए नागौरी गेट पुलिस उसके घर गई थी। परिजनों का आरोप था कि उसको जबरन पकड़ क़र लें जा रही थीं। परिवार वालो ने कहा कि अभी आप चाले जाओ और सुबह हम उसको पेश क़र देंगे। लेकिन पुलिस नहीं मानी। पुलिस से घबरा कर सद्दाम छत पर चढ़ गया और पुलिस भी उस क़े पीछे ऊपर गई। गिरफ्तारी के डर से घबराकर वह तीन मंजिला घर से कूद गया और बिजली क़े तारों पर गिरा। इसके बाद फिर जमीन पर गिरा। हादसे के बाद पुलिस की गाड़ी को भीड़ ने नुकसान पहुंचाया गया। वहीं घायल सद्दाम को लोग महात्मा गांधी अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। उसके निधन पर वहां लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश