उज्जैन में नौकरानी ने रुपये लिए उधार, घर बुलाकर कर दी हत्या
उज्जैन , 19 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन में युवक के घर में काम करने वाली नौकरानी ने आवश्यकता पडऩे पर 60 हजार रुपये उधार लिए थे। युवक ने जब रुपए मांगे तो उसे घर बुलाया और अपने परिजनों के साथ मिलकर नौकरानी ने उस पर हमला कर दिया। जिसमें युवक की मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है, पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि इंदिरा नगर स्थित पुरषोत्तम सागर के समीप अनंत नगर निवासी राम पिता कैलाश कुमावत 44 वर्ष के घर पर भैरवगढ़ स्थित भदेड़ मोहल्ले में रहने वाली प्रेमलता काम करने आती थी। प्रेमलता ने कुछ महीने पहले राम से 60 हजार रुपए उधार लिए थे। अधिक समय होने पर राम उससे रुपए लौटाने को कह रहा था। कई बार तकादा करने के बाद रविवार को प्रेमलता ने फोन लगाकर रुपए देने के लिए राम को अपने घर बुलाया। जिसके बाद वह बाइक से अकेला प्रेमलता के घर जा पहुंचा। जहां पर रुपए के लेनदेन को लेकर उनका विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद प्रेमलता के परिजन रामेश्वर मालवीय और दुगेश भी वहां आ गए। इसी दौरान तीनों ने लोहे की रॉड से राम पर हमला कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से राम मौके पर ही अचेत हो गया।
मां को फोन लगाकर दी जानकारीमारपीट में घायल राम मौके पर अचेत अवस्था में काफी देर तक पड़ा रहा। यह देख प्रेमलता ने राम की मां कुसुम बाई को फोन लगाकर उसे ले जाने को कहा। यह सुनकर उसका भाई बंटी कुमावत मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल राम को तत्काल उपचार के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने राम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई थी।
हमला करने के बाद परिवार फरारभैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गई थी। पुलिस ने मौके से राम की बाइक जब्त की है आरोपियों ने उसकी बाइक में भी तोडफ़ोड़ कर दी थी। हत्या करने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। जिनकी तलाश की जा रही है।
इनका कहना है...भैरवगढ़ थाने के एसआई शोभाराम किरार ने बताया कि लेनेदेन को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपियों ने युवक पर हमला किया था। जिसकी मौत हो गई। प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

