उज्जैनः वृद्ध की मौत पर परिजनों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार, काफी समझाने के बाद माने
उज्जैन, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती वृद्ध की मौत के बाद सोमवार सुबह चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में उस समय स्थिति असहज हो गई, जब परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस ने उन्हें काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, तब परिजन तैयार हुए।
माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि बडऩगर निवासी मुबारिक (69) पुत्र कादिर हुसैन को परिजनों ने घायल अवस्था में निजी अस्पताल भर्ती करवाया था। उपचार के दौरान रात में वृद्ध की रविवार देर रात मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना माधवनगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को निजी अस्पताल से चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचाया, जहां सोमवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम होना था। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम का विरोध कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुबारिक किसी दुर्घटना या विवाद का शिकार नहीं हुए थे, बल्कि गिरने से उन्हें चोट लगी थी। उनका कहना था कि मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई है और उन्हें किसी तरह की शिकायत या संदेह नहीं है। इसी कारण वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
पुलिस ने जताई मजबूरी: माधवनगर थाना पुलिस ने परिजनों को समझाया कि घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती मरीज की उपचार के दौरान मौत होने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराना अनिवार्य है, इसलिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

