home page

(अपडेट) उज्जैनः झार्डा तहसील में महिला से बर्बरता: कपड़े फाड़े, बाल काटे और गांव में घुमाया

 | 
(अपडेट) उज्जैनः झार्डा तहसील में महिला से बर्बरता: कपड़े फाड़े, बाल काटे और गांव में घुमाया


उज्जैन, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की झार्डा तहसील के ग्राम अरनिया वेणा में एक महिला के साथ बर्बर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसके कपड़े फाड़ कर बाल काट दिए ,उसे अर्धनग्न कर और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया।

पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 3 को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के निर्देश पर इन्हे जेल भेज दिया गया। शेष 8 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

झार्डा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने गुरुवार को बताया कि घटना मंगलवार की है। ग्राम अरनिया वेणा निवासी महिला अपने कमरे में मौजूद थी। तभी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल अन्य लोगों के साथ जबरन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। आरोपियों ने उसके बाल और हाथ पकड़कर उसे कमरे से बाहर घसीटा, जहां परिवार की तीन महिलाएं समेत अन्य सदस्य पहले से मौजूद थे। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर के बाल काट दिए। उसके कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया गया। इतना ही नहीं, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद महिला ने डायल 112 को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला और उसके पति को थाने लेकर आई। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और न्यायालय के निर्देश पर उन्हे जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

वर्ष-2023 में किया था दूसरा विवाह

पुलिस ने बताया कि महिला का विवाह ग्राम अरनिया वेणा में हुआ था। कुछ समय बाद गांव में ही रहने वाले एक युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए। वर्ष-2023 में उसने अपने पति को छोड़ दिया और प्रेमी से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद दोनों इंदौर जाकर रहने लगे। इसके कुछ समय बाद महिला अपने दूसरे पति के साथ अपने नए ससुराल आई और पैतृक जमीन में हिस्सेदारी की मांग की। इसी बात को लेकर परिजनों का उसके साथ विवाद हो गया। उक्त घटना के बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर अमानवीयता कर दी।

आरोपियों ने की मारपीट

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके और पति के साथ मारपीट कर दोनों को जान से मारने की धमकी दी। हमले में महिला की आंख, गाल, सिर और पेट पर चोटें आई हैं, जबकि उसके पति के चेहरे, सीने और पेट पर भी गंभीर चोटें लगी हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

इस मामले में एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 11 लोगों पर प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के माध्यम से उसे कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा संपत्ति में उसके अधिकार और अन्य कानूनी दावों से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल