home page

मुख्तार की इनामिया पत्नी की तलाश में पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका तैयब पालकी के घर छापा

 | 
मुख्तार की इनामिया पत्नी की तलाश में पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका तैयब पालकी के घर छापा


मऊ, 10 मई (हि.स.)। मऊ में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दक्षिण टोला थाना पुलिस और गाजीपुर के कासिमाबाद थाने की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ पूर्व नगर पालिका चेयरमैन तैयब पालकी के घर छापेमारी की। पुलिस की यह कार्रवाई मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी आफ़शा अंसारी की तलाश में की गई। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शहर भर में चर्चाएं तेज हो गईं।

छापेमारी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने घर के अंदर जाकर गहन तलाशी ली, लेकिन पुलिस को आफ़शा अंसारी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचने से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे शहर में सियासी हलचल तेज हो गई।

मामले पर सफाई देते हुए पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि आफ़शा अंसारी कहां हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी आफ़शा अंसारी से कोई बातचीत नहीं है और न ही अब उनका मुख्तार अंसारी के परिवार से कोई संबंध है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में तैयब पालकी को लंबे समय से मुख्तार परिवार का करीबी माना जाता रहा है, जिस वजह से यह कार्रवाई चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।

पुलिस की इस अचानक छापेमारी के बाद मऊ का सियासी पारा चढ़ गया है। शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर फरार आफ़शा अंसारी तक पहुंचने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और इस मामले में आने वाले दिनों में कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र