पेट्रोल पंप पर लाइन विवाद में कर्मचारी को कट्टा दिखाया, घटना सीसीटीवी में कैद
दतिया, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में एनएच-44 हाईवे स्थित गोराघाट थाना क्षेत्र के रतन पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह लाइन तोड़ने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने पंप कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए कट्टा दिखाकर मारपीट कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पंप पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी नारायण रावत निवासी ग्राम कोटरा को एक कार सवार युवक ने पहले पेट्रोल भरने के लिए दबाव बनाया। कर्मचारी द्वारा लाइन में लगने को कहने पर आरोपी भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी कार से कट्टा निकालकर लाया और कर्मचारी को डराने की कोशिश की। इसके बाद उसने नारायण रावत के साथ मारपीट की। हंगामा बढ़ता देख अन्य कर्मचारी मिलन रावत और मैनेजर राज सेन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
घटना के बाद आरोपी ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने गोराघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

