home page

बच्चों के विवाद में बदमाश ने साथियों संग की फायरिंग, गोली लगने से दो घायल

 | 
बच्चों के विवाद में बदमाश ने साथियों संग की फायरिंग, गोली लगने से दो घायल


नोएडा, 14 अगस्त (हि.स.)। जिले के थाना रबूपुरा क्षेत्र में रहने वाले एक कुख्यात बदमाश और उसके साथियों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। इनके द्वारा चलाई गई गोली से दो लोग घायल हाे गये। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर किया है। बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच हुई आपसी मारपीट के बाद झगड़े में बड़े शामिल हो गए जिसके बाद यह घटना हुई ।

थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने शुक्रवार काे बताया कि बीती रात को विक्की भाटी उर्फ योगेंद्र ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह गांव मुरादगढी के रहने वाले हैं। पीड़ित के अनुसार कुख्यात बदमाश रिंकू भाटी गैंग के बदमाश बंटी उर्फ मलिंगा, बबलू पुत्र भोजराज, अक्षय उर्फ अक्की, कुश, दीपक, राहुल, भूपेंद्र उर्फ भूपेन और भजन करीब नौ लोग उसके घर पर हथियार से लैस होकर आए। इन लोगों ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। पीड़ित और उसके परिवार के लोगों ने विरोध किया तो आरोपिताें ने हमला कर दिया। आरोपिताें ने उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इन लोगों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोली चलाई। आरोपिताें द्वारा चलाई गई गली हरी पुत्र कांची और मनीष पुत्र सतीश को लगी है। दोनों को अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपित दीपक और अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि मलिंगा उर्फ बंटी एक कुख्यात बदमाश है। यह इससे पूर्वी भी कई बार जेल जा चुका है। उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी