सीवान में सनसनी: मस्जिद के इमाम को सरेआम गोली मारी, हालत गंभीर
सीवान, 26 मार्च (हि.स.)।
जिले में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नेवारी मोड़ के समीप गुरुवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अपराधियों ने एक मस्जिद के इमाम को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल इमाम की पहचान कटिहार जिले के निवासी मोहमुदुल हसन (पुत्र रामजान हसन) के रूप में हुई है, जो रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पंजवार पोखरी मुस्लिम टोला स्थित मस्जिद में इमाम हैं।
घटना के संबंध में जख्मी इमाम ने बताया कि वे किसी काम से हसनपुरा थाना क्षेत्र के राजनपुरा मुस्लिम टोला गए थे। वहां से लौटने के दौरान नेवारी टोला के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोली चला दी।
गोली लगने के बावजूद इमाम हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बाइक से अपने घर पंजवार पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पहले सदर अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

