नाकाबंदी देख तेज भगाई स्कॉर्पियो, तीन टायर फटे तो जंगल में छोड़ भागा तस्कर
पाली, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 464 किलो 480 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। जिला स्पेशल टीम और सिरियारी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या जीजे 15 सीएन 0230 को भी जब्त किया गया। हालांकि पुलिस को देखकर वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
एसपी मोनिका सैन ने बताया कि जिला स्पेशल टीम और सिरियारी थाना पुलिस की टीम गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो नजर आई। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान स्कॉर्पियो के तीन टायर फटकर पंचर हो गए। इसके बाद चालक ने वाहन को जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छोड़ दिया तथा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा मिला। वजन करने पर कुल 464 किलो 480 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और उसके परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया।
मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े पिछले और आगे के संपर्कों तथा पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रकरण की गहन जांच के लिए उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र पाली के थानाधिकारी को सौंपी गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश तथा वृताधिकारी सोजत प्रतीक मील के निकटतम पर्यवेक्षण में की गई। सिरियारी थाना प्रभारी अमीलाल और जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

