home page

हेरोइन तस्करी नेटवर्क पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, सप्लाई चेन संचालित करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
हेरोइन तस्करी नेटवर्क पर धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, सप्लाई चेन संचालित करने वाला आरोपित गिरफ्तार


धमतरी, 24 जून (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चार दिन पहले 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी मामले में पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े एक और आरोपित को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि, गिरफ्तार आरोपित न केवल हेरोइन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता था, बल्कि तस्करी के लिए वाहन की व्यवस्था भी करता था। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 19 जून 2026 को मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन, नगदी रकम, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित लगभग 2.30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी।

मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ, मेमोरेण्डम कथन और संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि अभिनय तिवारी उर्फ लवली हेरोइन खरीदने के लिए राशि उपलब्ध कराता था तथा उसके निर्देश पर ही मादक पदार्थ मंगवाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश कुमार साहू को राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए नगद राशि और मोटरसाइकिल भी अभिनय तिवारी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अभिनय तिवारी उर्फ लवली को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से प्रकरण में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित पूर्व में भी हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपित अभिनय तिवारी उर्फ लवली पिता विद्यासागर तिवारी (37 वर्ष) आमातालाब रोड, गली नंबर 4, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी का निवासी है। पुलिस ने बताया कि हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपित हैप्पी सरदार की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा