home page

रतनपुर बॉर्डर पर 35 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त

 | 
रतनपुर बॉर्डर पर 35 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त


रतनपुर बॉर्डर पर 35 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त


डूंगरपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनएच-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक बंद बॉडी ट्रक कंटेनर से 35 लाख रुपये मूल्य की हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींव सिंह और पुलिस उपाधीक्षक वृत्त डूंगरपुर हेरंब जोशी के मार्गदर्शन में बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेन्द्र देवल और रतनपुर चौकी पुलिस टीम द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

बिछीवाड़ा थानाधिकारी ने बताया कि उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ मय पुलिस जाब्ता के साथ रतनपुर चौकी के सामने एनएच-48 पर उदयपुर से अहमदाबाद जाने वाली लेन में वाहनों की जांच कर रहे थे।

गुरुवार सुबह करीब 7:40 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से आ रहे एक टाटा कंटेनर में अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई है और वह गुजरात की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध ट्रक कंटेनर को रुकवाया।

शुरुआती पूछताछ में चालक ने बताया कि कंटेनर में प्लास्टिक की छोटी बोतलें भरी हुई हैं। हालांकि, संदेह होने पर जब पुलिस ने कंटेनर खोलकर तलाशी ली, तो आगे प्लास्टिक की बोतलों और मसालों के कार्टन रखे मिले। गहनता से जांच करने पर उनके पीछे विभिन्न ब्रांडों की हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के 268 कार्टन छिपाकर रखे पाए गए, जिन पर फॉर सेल ओनली इन हरियाणा अंकित था।

- तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक राजेश कुमार (40 वर्ष), पुत्र कृष्ण वर्मा, निवासी अकबरपुर (थाना लोहारू, जिला भिवानी, हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है ताकि शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क और मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष