सिक्किम से अवैध शराब तस्करी का खुलासा, 40 लाख से अधिक कीमत के माल के साथ तीन गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 24 जून (हि. स.)। जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दार्जिलिंग जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके नाम सुधीर राय (27), आयुष राय (20) और आयुष्मान लिम्बू (22) है । तीनों युवक दार्जिलिंग जिले के निवासी है। बरामद शराब और जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 40 लाख 54 हजार 500 रुपये से अधिक बताई गई है।
आबकारी सूत्रों के अनुसार, एक्साइज डिवीजन के स्पेशल कमिश्नर सुजीत दास को सूचना मिली थी कि सिक्किम से अवैध रूप से शराब बंगाल के विभिन्न इलाकों में तस्करी कर लाई जा रही है। इसके आधार पर भक्तिनगर रेंज के डिप्टी एक्साइज कलेक्टर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कालिझोरा और सेवक फॉरेस्ट क्षेत्र में निगरानी शुरू की। बुधवार तड़के करीब तीन बजे बंगाल सफारी के पास दो संदिग्ध वाहनों—टाटा सूमो और महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोका गया। तलाशी के दौरान कुल एक हजार 528.2 लीटर विदेशी शराब और 468 लीटर बीयर बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि यह शराब बिना वैध कर चुकाए सिक्किम से लाई गई थी और इसे सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी व दार्जिलिंग के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी।
आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त शराब और बीयर का बाजार मूल्य करीब 40.54 लाख रुपये है, जबकि दोनों वाहनों की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के सरगना और अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

