home page

गुजरात भेजी जा रही अवैध शराब बरामद

 | 
गुजरात भेजी जा रही अवैध शराब बरामद


डूंगरपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मार्बल पाउडर के कट्टों की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप को जब्त करते हुए एक ट्रक को अपने कब्जे में लिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रतनपुर बॉर्डर स्थित पुलिस चौकी के ठीक सामने नेशनल हाईवे-48 पर सघन नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान राजस्थान से गुजरात राज्य की ओर जाने वाले तमाम छोटे-बड़े वाहनों की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही थी।

नाकाबंदी के दौरान ही पुलिस टीम को मुखबिर से एक सटीक गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि उदयपुर की ओर से एक गुजरात नंबर का टाटा आयशर ट्रक आ रहा है, जिसमें मार्बल पाउडर के सफेद कट्टों की आड़ में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही है। मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर पुलिस सतर्क हो गई और संबंधित ट्रक के आते ही उसे रुकवाकर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाया गया।

इसके पश्चात पुलिस टीम ने जब ट्रक चालक से वाहन में लदे सामान के संदर्भ में कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने घबराते हुए बताया कि ट्रक में केवल मार्बल पाउडर के कट्टे भरे हुए हैं। चालक की संदिग्ध गतिविधियों और बयानों पर संदेह होने पर पुलिस ने पूरे ट्रक की गहन तलाशी लेने का निर्णय लिया। जब ट्रक में लदे मार्बल पाउडर के भारी-भरकम कट्टों को नीचे उतरवाकर नीचे छिपे सामान की जांच की गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कट्टों के बीच में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बोतलें और अद्धे बरामद हुए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 72 शराब की बोतलें और 48 अद्धे जब्त किए। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त करते हुए चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपित चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लोड की गई थी और गुजरात में इसे किस तस्कर को डिलीवर किया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष