home page

झाबुआ: पुलिस कार्रवाई में वाहन सहित 30 लाख की अवैध शराब बरामद, आरोपित गिरफ्तार

 | 
झाबुआ: पुलिस कार्रवाई में वाहन सहित 30 लाख की अवैध शराब बरामद, आरोपित गिरफ्तार


झाबुआ: पुलिस कार्रवाई में वाहन सहित 30 लाख की अवैध शराब बरामद, आरोपित गिरफ्तार


झाबुआ, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थाना थांदला पुलिस द्वारा गुजरात राज्य की ओर ले जाई जा रही 1234 बल्क लीटर शराब सहित एक चार पहिया वाहन बरामद करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार वाहन सहित बरामद शराब की कीमत करीब तीस लाख रुपये से भी अधिक है।

उक्त कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने रविवार को बताया कि थांदला पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध वाहन टिमरवानी की ओर से परवलिया की तरफ अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही थांदला पुलिस टीम (उप निरीक्षक कुंवर सिंह रावत, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजेंद्र रावत) निर्दिष्ट स्थान पर पहुंची ओर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच शुरू कर दी गई। हालांकि प्रारंभिक तलाशी में वाहन खाली दिखाई दिया, किन्तु पुलिस दल द्वारा जब वाहन का बारीकी से निरीक्षण किया गया तो पाया कि वाहन की छत में अतिरिक्त प्लाई लगाकर गुप्त रूप से शराब की पेटियां रखने के लिए विशेष स्थान बनाया गया था, जिसमें शराब रखकर तिरपाल से ढंक दिया गया था, किंतु पुलिस जांच में शराब कारोबारी की चालाकी कुछ काम नहीं आ सकी।

थाना प्रभारी के अनुसार रात्रि अधिक होने के कारण वाहन को थाना परिसर लाकर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान वाहन से विभिन्न कंपनी की कुल 111 पेटी शराब बरामद की गई, बरामद शराब की कुल मात्रा 1234.5 बल्क लीटर पाई गई। पुलिस द्वारा एक आयशर वाहन सहित अवैध शराब जप्त कर ली गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,53,000 रुपये है। मामले में वाहन चालक सुरेश कुमार पुत्र छगन राम, निवासी रामसरिया बायडू, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा