home page

छत्तीसगढ़ में 50.28 लाख की अवैध शराब पकड़ाई, ट्रक के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
छत्तीसगढ़ में 50.28 लाख की अवैध शराब पकड़ाई, ट्रक के साथ तस्कर गिरफ्तार


मोहला मानपुर, 6 जून (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ट्रक से 50 लाख 28 हजार रुपये का शराब जब्त किया है, जिसे मध्यप्रदेश से मोहला मानपुर जिले के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला मानपुर थाना क्षेत्र का है।

मोहला-मानपुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि अवैध शराब परिवहन को लेकर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को मानपुर पुलिस ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कपिल चंद्रा के नेतृत्व में मानपुर के एस डी एम कार्यालय के सामने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र नेशनल हाईवे 930 को जोड़ने वाले स्टेट हाइवे में चैक प्वाइंट लगाया था।

यहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी, तभी जब ट्रक क्रमांक सीजी 15 डी ज़ेड 4515 को रोका गया तो वाहन खड़ी कर चालक भागने लगा। पुलिस जवानों ने दौड़ाकर चालक को पकड़ा, जिसने अपना नाम बलराम सिंह डांगी निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। वहीं उसने बताया कि ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई है।

चालक के बयान के आधार पर पुलिस का कहना है कि शराब की ये बड़ी खेप मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अंतर्गत मुलताई तहसील क्षेत्र से ट्रक में भरकर मोहला-मानपुर जिले से गुजरने वाले अंतरराज्यीय नेशनल हाईवे 930 से होकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। मोहला मानपुर जिले से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शराब दुकान नहीं है। ऐसे में शराब के अवैध कारोबारी ये अवैध शराब गढ़चिरौली जिले में खपाने की फ़िराक में थे।

जब्त शराब की कीमत 50 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है। जिसमे 100 पेटी रॉयल स्टेज पौवा, 300 पेटी बियर तथा 400 पेटी गोवा व्हिस्की पौवा शामिल है। वहीं जब्त ट्रक की कीमत करीब 25 लाख बताई जा रही है। यानी ट्रक और अवैध शराब को मिलाकर जुमला 75 लाख 28 हजार की संपत्ति जब्त हुई है।

ट्रक चालक ने बताया कि, महाराष्ट्र के किसी शैलेश नामक व्यक्ति के संपर्क में पहुंचकर उक्त अवैध शराब की खेप को अनलोड किया जाना था, लेकिन महाराष्ट्र दाखिल होने से पहले छत्तीसगढ़ में ही ये अवैध शराब पुलिस के हत्थे चढ़ गई। बहरहाल थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर शराब और ट्रक को विधिवत कब्जे में ले लिया गया है। वहीं चालक को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर