बिजनौर में 55 लाख की अवैध शराब बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार
बिजनौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मंगलवार काे शराब की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रक से 650 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर ट्रक, मोबाइल फोन और 2,050 रुपये नकद भी कब्जे में लिए हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नूरपुरिया पुल के पास एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से अंग्रेजी शराब की 650 पेटियां बरामद हुईं। ट्रक चालक हरियाणा निवासी मोहम्म्द आजीब को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ट्रक चालक है और हरियाणा में राहुल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया था। राहुल ने उसे पंजाब से ट्रक में शराब लाने के बदले 20 हजार रुपये तथा प्रतिदिन 500 रुपये देने की बात कही थी। आरोपित के अनुसार, ट्रक में शराब लाने और उसे गंतव्य तक पहुंचाने के एवज में उसे 30 हजार रुपये मिलने थे। हालांकि, उसने शराब के वास्तविक मालिक के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है, ताकि शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

