पिकअप से 100 पेटी अवैध शराब बरामद, मामला दर्ज
नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर की पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 पेटी देसी शराब बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 01 अगस्त को नियमित गश्त एवं यातायात जांच के दौरान शायाघाट के पास सनौरा की ओर से आ रहे पिकअप वाहन HP63A-2142 को रोका गया। चालक ने अपना नाम जयप्रकाश, 32 वर्ष, निवासी देवठी मझगांव, तहसील राजगढ़ बताया।
संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई। डाले में रखी गत्ते की पेटियों से कुल 100 पेटियां देसी शराब, ब्रांड पैराडाइज संतरा बरामद हुईं। सभी बोतलों पर Sale in Himachal Pradesh Only अंकित था। आरोपी चालक शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका।
पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। आरोपी जयप्रकाश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

